दिनदहाड़े युवक ने किया महिला पर कुल्हाड़ी से हमला, हालत गंभीर – आरोपी गिरफ्तार |

3 Min Read

कायमगंज /फर्रुखाबाद /

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में एक महिला श्रमिक पर उसी के साथी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना रेलवे स्टेशन (कैसर खां अड्डे) के पास की है। पीड़ित महिला की पहचान गांव रुटौल निवासी मनोज कुमार की 37 वर्षीय पत्नी रेखा के रूप में हुई है। रेखा ‘काका छाप’ तंबाकू गोदाम में पुड़िया भरने का काम करती हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को रेखा का गोदाम में उसके पड़ोसी (सहकर्मी) महेश कोरी से विवाद हो गया था। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह उस समय मामले के रफा दफ़ा करा दिया।

दिनदहाड़े सड़क पर कुल्हाड़ी से वार, मची चीख-पुकार

सोमवार सुबह जब रेखा अपने घर से गोदाम की ओर जा रही थीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे महेश ने कैसर खां के अड्डे के पास उस पर हमला कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रेखा खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात को देख आसपास के राहगीर दंग रह गए। साहसी राहगीरों ने तुरंत घेराबंदी कर हमलावर महेश को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जिला अस्पताल में इलाज जारी

घायल रेखा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर विपिन कुमार और जितेंद्र बहादुर सिंह ने उनका प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत बेहद नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी और इंस्पेक्टर क्राइम सुरजीत सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस की कार्रवाई और कानूनी शिकंजा

इस मामले में रेखा के पति मनोज कोरी ने गांव के ही महेश के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर क्राइम सुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *