फर्रुखाबाद |
ईद-उल-फ़ितर के पावन अवसर पर जनपद में कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न नमाज स्थलों का संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विधुत आपूर्ति एवं यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नमाज के दौरान एवं उसके पश्चात यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। साथ ही साफ-सफाई एवं जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सतर्क रहकर निरंतर भ्रमणशील रहें एवं आमजन के साथ समन्वय बनाते हुए कार्य करें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
जनपदवासियों से अपील की गई कि वे आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
