कायमगंज/फर्रुखाबाद।
विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) जावेद पर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और आम नागरिकों के शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (पीडीए शक्ति) ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आरोपी जेई के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान नेता अन्न-जल त्याग कर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि जेई जावेद की कार्यप्रणाली से कायमगंज नगर की जनता त्रस्त है। संगठन का कहना है कि जो भी इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है, जेई द्वारा उसके विरुद्ध झूठी शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं और फर्जी नोटिस भेजकर दबाव बनाया जाता है।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर में खुलेआम बिजली चोरी कराकर अवैध वसूली की जा रही है। इसके अतिरिक्त, फर्जी पोल व ट्रांसफार्मरों के एस्टीमेट बनाकर सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचाई जा रही है और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के नाम पर भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। पदाधिकारियों ने विभाग के उच्च अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह सब खेल चल रहा है।
इस दौरान राजेश कुमार राजपूत, मुन्नालाल सक्सेना, रामवीर जाटव और मंजेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
