राजेपुर/फर्रुखाबाद।
क्षेत्र में अधूरे पड़े चकमार्ग और रास्ते में बने अवरोधों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए युवा करणी सेना ने उपजिलाधिकारी (न्यायिक) राजेश कुमार पांडेय को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर चकमार्ग का निर्माण पूरा कराने और रास्ते को बाधामुक्त करने की मांग की।
संगठन ने ज्ञापन में बताया कि चकमार्ग संख्या 732 कार्ययोजना में शामिल होने के बावजूद बजट के अभाव में इसका निर्माण अधूरा पड़ा है। रास्ते में एक नीम और दो बेरी के पेड़ होने के साथ खेतों की ओर लगाए गए कंटीले तार भी आवागमन में बाधा बन रहे हैं। वहीं, रास्ते पर पशु बांधे जाने और अतिक्रमण के कारण लोगों को निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
युवा करणी सेना ने प्रशासन से चकमार्ग की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने, रास्ते में बाधा बन रहे पेड़ों और कंटीले तारों को हटवाने तथा अतिक्रमण समाप्त कराने की मांग की। संगठन ने मनरेगा के तहत कार्य कराकर अधूरे चकमार्ग का निर्माण पूरा कराने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।
इसके अलावा तालाब के किनारे बसे लोगों की पेयजल समस्या और मोहल्ले में पर्याप्त रोशनी न होने का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने सरकारी हैंडपंप लगवाने तथा प्रकाश व्यवस्था बेहतर कराने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान कराने की अपील की।
ज्ञापन देने के दौरान राजेपुर ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञानू ठाकुर, दलबीर सिंह, मीडिया प्रभारी विवेक सिंह वशिष्ठ, गोविंद सिंह सोमवंशी, अभिषेक सिंह, मोहित सिंह, अतुल सिंह, सुशील सिंह, रामकुमार सिंह, शिवम सिंह, सुनील सिंह, वसंत, देव सिंह, सोहन सिंह, आदित्य सिंह और पुरमेश सिंह सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
