फर्रुखाबाद।
बीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित विशेष रोजगार सृजन दिवस के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन अभियान संचालित किया गया। इस विशेष अभियान के लिए शासन द्वारा निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को जनपद ने पूर्ण किया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना तथा अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना रहा।
अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए शासन स्तर से जनपद फर्रुखाबाद में दो वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। परियोजना निदेशक/उपायुक्त श्रम रोजगार को विकासखंड कमालगंज एवं शमशाबाद तथा जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त स्वतः रोजगार को विकासखंड मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, राजेपुर एवं कायमगंज का नोडल अधिकारी नामित किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में परियोजना निदेशक/उपायुक्त श्रम रोजगार द्वारा विकासखंड कमालगंज की ग्राम पंचायत कुंदन गणेशपुर, सितौली, ताजपुर एवं अहिमलापुर में पहुंचकर विशेष रोजगार सृजन अभियान की गतिविधियों में प्रतिभाग किया गया। इस दौरान अभियान को सफल बनाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संचालित कार्यों का जायजा लिया गया।
इसी क्रम में जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा विकासखंड राजेपुर की ग्राम पंचायत डाबरी, बिलालपुर, त्रिकुटा, गांधी, उजरामऊ एवं नया गांव में पहुंचकर अभियान में प्रतिभाग किया गया तथा रोजगार सृजन से संबंधित गतिविधियों की निगरानी की गई।
जनपद स्तर पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा समस्त खंड विकास अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानव दिवस के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा संपूर्ण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण किया गया। अधिकारियों के समन्वित प्रयासों, विकासखंड स्तर पर प्रभावी निगरानी तथा ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान के क्रियान्वयन के फलस्वरूप जनपद फर्रुखाबाद ने शासन द्वारा निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को पूर्ण किया।
