कायमगंज/फर्रुखाबाद।
ग्राम बरा में 24 सितंबर 2026 को उर्वेश के घर में सिलेंडर से लगी आग में घर का राशन, कपड़े और घरेलू सामान जलकर राख हो गया था। हादसे में परिवार के कुछ सदस्य झुलस गए थे, जबकि मवेशी भी आग की चपेट में आकर घायल हुए थे।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट की टीम सोमवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंची और अपनी सामाजिक सेवा के तहत परिवार को आटा तेल मिर्च मसाला राशन, स्टील के बर्तन एवं महिलाओं के लिए साड़ी बैडसीट बच्चों को स्कूल की ड्रेस सहित अन्य वस्त्र प्रदान किए। ट्रस्ट टीम ने कहा कि यह मदद पीड़ित परिवार की परेशानी को देखते हुए एक छोटा सा सेवा प्रयास है।
इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, प्रबंधक संगम शाक्य, उपाध्यक्ष कन्हैयालाल, उपाध्यक्ष दीपक शाक्य, उपाध्यक्ष जयवीर उपस्थित रहे तथा आजाद, रवि कुमार, शेषकुमार, प्रदीप एवं अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।
ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी एवं प्रबंधक संगम शाक्य ने कहा कि वे ईश्वर से हादसे में झुलसे सभी लोगों और घायल मवेशियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद, गरीब, बेसहारा और पीड़ित लोगों की मदद के लिए ट्रस्ट की सामाजिक सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। ट्रस्ट का उद्देश्य संकट के समय जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होकर यथासंभव सहायता करना है।
सेवा कार्य के दौरान ग्रामीणों ने श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी सेवा ट्रस्ट टीम के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है—जरूरतमंद के दुख में उसके साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत है।

