कायमगंज/फर्रुखाबाद।
पिछले तीन दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल जनपद के लोगों को शुक्रवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दे दी। रात के 11:00 बजे अचानक आसमान में बादल घिर आए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 45 मिनट तक हुई बारिश से सड़कों पर पानी नजर आया तो वहीं ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। बारिश थमने के बाद भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और वातावरण में ठंडक घुल गई।

देर रात से ही ठंडी हवाएं चलने लगी थीं। शुक्रवार सुबह बारिश शुरू होते ही लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत की सांस ली। कई दिनों से पसीने और चिपचिपाहट से परेशान लोग सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
धान की फसल के लिए बारिश बनी राहत की फुहार
बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। किसान महावीर, शैलेश और अनुज ने बताया कि धान समेत कई फसलों के लिए यह बारिश फायदेमंद है। खेतों में नमी आने से फसल को राहत मिलेगी और सिंचाई का दबाव भी कम होगा। हालांकि किसानों ने यह भी कहा कि यदि लगातार तेज बारिश हुई और खेतों में पानी भर गया तो सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में किसानों को फिलहाल सामान्य बारिश की ही जरूरत है।
शनिवार को भी बूंदाबांदी के आसार
मौसम के बदले मिजाज के बीच शनिवार को भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। आसमान में बादल छाए रहने और मौसम में ठंडक बने रहने के आसार हैं। अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों की नजर अब अगले 24 घंटे के मौसम पर टिकी है।
कुल मिलाकर शुक्रवार की सुबह हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी पर ब्रेक लगा दिया। कुछ ही देर की बारिश ने वातावरण को ऐसा बदला कि गर्मी से बेहाल शहर और ग्रामीण इलाकों में मौसम सुहाना हो गया।

