सीएमओ के औचक निरीक्षण में कई डॉक्टर-कर्मचारी मिले नदारद, बिना सूचना गायब मिले स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

फर्रुखाबाद/

Ad image

स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को बेहतर और समय से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की हकीकत सामने आ गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय ने दोपहर 12 बजे के बाद जिले के पांच स्वास्थ्य केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया तो कई जगह चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले। कई कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति अथवा सूचना के अवकाश पर पाए गए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई और अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने के साथ ही स्पष्टीकरण लेकर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएमओ के औचक निरीक्षण की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। सीएमओ सबसे पहले सीएचसी नवाबगंज पहुंचे। यहां अमित कुमार (डेंटल हाइजीनिस्ट), धीरेन्द्र प्रताप सिंह (लैब असिस्टेंट) और राहुल कुमार (वार्ड बॉय) समेत संविदा कर्मचारी रतन देव, आरती, अमृता सिंह और मंजू कुमारी अनुपस्थित मिले। कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधितों का वेतन काटने के निर्देश दिए।

इसके बाद पीएचसी अचरा खलवारा का निरीक्षण किया गया। यहां स्टाफ नर्स अंकुर कुमार, लैब टेक्नीशियन आज्ञाराम और एएनएम सुहानी बिना अनुमति के छुट्टी पर मिलीं। वहीं फार्मासिस्ट प्रेम चंद्र केंद्र पर मौजूद मिले। सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर समेत स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए।

पीएचसी संकिसा में भी निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। एएनएम ममता यादव, फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार, एमओ डॉ. अशोक कुमार और डॉ. प्रभात त्रिपाठी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद पीएचसी पखना में निरीक्षण किया गया। यहां डीएवी/आईएमओ प्रियंक पांडेय अनुपस्थित मिले, जबकि कैलाश बाबू और अंजली शाक्य बिना सूचना के अवकाश पर पाए गए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वह निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।

अचरिया बाकरपुर में सभी कर्मचारी मिले मुस्तैद

औचक निरीक्षण के दौरान पीएचसी अचरिया बाकरपुर में स्थिति अन्य केंद्रों से अलग मिली। यहां सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। सीएमओ ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कर्मचारियों को मरीजों को समय से उपचार, जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ बोले—ड्यूटी में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ड्यूटी के समय बिना अनुमति गायब रहना किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा पूरी जिम्मेदारी के साथ मरीजों की सेवा करने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने साफ चेतावनी दी कि स्वास्थ्य केंद्रों पर औचक निरीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण में यदि कोई कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित मिला या कार्य में लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *