फर्रुखाबाद।
मोहल्ला जवाहरगंज स्थित कैंप कार्यालय में प्रताप सिंह गंगवार की अध्यक्षता एवं जिला प्रवक्ता राजेश राजपूत के संचालन में एक महत्वपूर्ण पंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय वरिष्ठ प्रवक्ता मुन्ना लाल सक्सेना विशेष रूप से मौजूद रहे। पंचायत में सर्वसम्मति से किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया।

पंचायत के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को दि सहकारी चीनी मिल के नवीनीकरण को लेकर पूर्व में ही मांग पत्र भेजा जा चुका है। नेताओं ने मांग की कि शासन को इस पर जल्द निर्णय लेना चाहिए।
पंचायत में किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़े निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों को उठाया गया:
- गन्ने का मूल्य: किसानों की फसलों का उचित दाम न मिलने पर चिंता जताते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई।
- आलू का सही मूल्य: आलू की फसल का उचित मूल्य न मिलना किसानों के लिए संकट का कारण बना हुआ है।
- खाद और कीटनाशक: क्रय केंद्रों पर खाद मिलने में हो रही देरी और कालाबाजारी में महंगी खाद मिलने से किसान परेशान हैं। इसके अलावा कीटनाशक दवाओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर भी अंकुश लगाने की मांग की गई।
- चीनी की महंगाई: वक्ताओं ने कहा कि पूरे देश में चीनी की कीमतें चरम पर हैं। सरकारी आंकड़ों में भले ही कीमतें कम दर्शाई जा रही हों, लेकिन जमीनी स्तर पर आम जनता को राहत नहीं मिल पा रही है।
- मिलावटी खाद्य पदार्थ: डेयरी और बाजार में पनीर, दूध, घी जैसे दैनिक उपयोग के खाद्य पदार्थों में हो रही मिलावटखोरी से लोगों के स्वास्थ्य खिलवाड़ हो रहा है। पंचायत में सरकार से मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
इस पंचायत में राष्ट्रीय वरिष्ठ प्रवक्ता मुन्ना लाल सक्सेना, प्रताप सिंह गंगवार, रामवीर जाटव, बिंदु सिंह, राजेश कुमार राजपूत समेत संघ के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

