फर्रुखाबाद।
जिले में बाढ़ राहत, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की पीठ थपथपाई।
बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। स्वीकृति पत्र हाथ में आते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ किसी सिफारिश या भेदभाव के आधार पर नहीं, बल्कि पात्रता के आधार पर समय से उपलब्ध कराया जाए।
बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत और पट्टे की व्यवस्था
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ में जिन लोगों के मकानों का कटान हुआ है, उन्हें शासन के प्रावधानों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा जिन परिवारों ने बाढ़ के कारण अपना आशियाना खोया है, उन्हें ग्राम समाज की भूमि का पट्टा आवंटित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों, राहत राशि वितरण और पट्टा आवंटन की प्रगति पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी के प्रयासों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी तरह की ढिलाई न हो और प्रभावित लोगों तक सहायता तेजी से पहुंचे।
गांवों में साझा होंगे राहत अधिकारियों के नंबर
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में लगे क्षेत्रीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर संबंधित मजरों में भी सार्वजनिक किए जाएं, ताकि ग्रामीण आवश्यकता पड़ने पर सीधे अधिकारियों से संपर्क कर सकें। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और विकासखंड स्तर पर विशेष अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवाएं उपलब्ध कराने तथा टीकाकरण से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए।
किसानों को दिन में मिले 9 से 10 घंटे बिजली
कृषि कार्यों को लेकर भी प्रभारी मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य के लिए दिन के समय एकमुश्त 9 से 10 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और संयोजकों की शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समयसीमा में मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।
दिसंबर तक पूरे हों लक्षित निर्माण कार्य
बैठक में एएनएम सेंटर, पीएचसी और ट्रामा सेंटर के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। मंत्री ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को लक्षित निर्माण कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही गड्ढामुक्त की गई सड़कों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और काम में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान कराएं। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
कानून व्यवस्था पर भी सख्ती
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को जिले में संचालित विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानून व्यवस्था की स्थिति से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा रहा है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आनन्द उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी वीरेंद्र कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. मकबूल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

