शमसाबाद/फर्रुखाबाद/
थाना शमसाबाद में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 5 और पुलिस विभाग से जुड़ी 2 शिकायतें समेत कुल 7 मामले सामने आए। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 5 मामलों को संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण महज कागजी खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाएं और वास्तविक स्थिति की जांच के बाद समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
भूमि विवादों पर विशेष निगरानी के निर्देश
थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी से विवाद बढ़ सकता है, इसलिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करे।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी पुलिस अधिकारियों को शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर समस्या का वास्तविक समाधान कराया जाए और संवेदनशील मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर मौके पर कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सहज, पारदर्शी और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान संबंधित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
