कायमगंज/फर्रुखाबाद।
कायमगंज नगर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात अव्यवस्था पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार को उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लव कुमार ने नगर के प्रमुख मार्गों का औचक निरीक्षण कर साफ संदेश दिया कि अब सार्वजनिक सड़कों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
जाम से मिलेगी राहत, अवैध कब्जों का होगा सफाया; एसडीएम और ईओ ने किया औचक निरीक्षण,

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम तहसील रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल न्यायालय परिसर के बाहर तथा पुल ग़ालिब क्षेत्र पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर जाम की स्थिति का जायजा लिया और पाया कि सड़क किनारे फैले अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और रास्तों को बाधामुक्त बनाने के निर्देश दिए।
एसडीएम अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर की सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण का तत्काल चिह्नांकन कराने, अवैध निर्माणों की सूची तैयार करने तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यदि नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन स्वयं अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाएगा।
प्रशासन की इस सक्रिय पहल से नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी एसडीएम अभिषेक वर्मा की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि अभियान लगातार जारी रहा तो कायमगंज की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और नगर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।
