फतेहगढ़/फर्रुखाबाद |
फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित 17वें द्विवार्षिक सम्मेलन में शुक्रवार को देश की परंपरा, वीरता और अनुशासन की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मिजोरम के राज्यपाल एवं पूर्व थल सेना अध्यक्ष वीके सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर सैन्य परम्पराओं के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान जनरल वीके सिंह ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही वीर नारियों को सम्मानित कर उनके त्याग और साहस को नमन किया।राजपूत रेजीमेंट की प्रगति को बताया अभूतपूर्व अपने सम्बोधन में राज्यपाल वीके सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों में राजपूत रेजीमेंट ने अभूतपूर्व प्रगति की है। सेना, रेजिमेंटल सेंटर और रेजीमेंट के जवान पूरी लगन, मेहनत और दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने रेजीमेंट के उज्जवल भविष्य को लेकर भी भरोसा जताया।गंगा एक्सप्रेस-वे से मिलेगा फतेहगढ़ को फायदा कनेक्टिविटी को लेकर उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली सड़क कनेक्टिविटी फतेहगढ़ से होकर गुजरेगी। इससे आने वाले समय में आवागमन आसान होगा और क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा।बदलेगी सैनिकों की ट्रेनिंग,तकनीक पर रहेगा जोर सैनिकों के प्रशिक्षण में बदलाव को लेकर उन्होंने कहा कि समय, वातावरण और तकनीक के अनुसार ट्रेनिंग में भी बदलाव होता रहता है। पुराने और वर्तमान सैनिकों के प्रशिक्षण में शारीरिक अभ्यास की भूमिका समान रहेगी, जबकि अन्य प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक के पहलुओं पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने राजपूत रेजीमेंट को ट्रेनिंग के मामले में उत्कृष्ट बताते हुए अग्निवीरों का कार्यकाल दो साल बढ़ाने को अच्छा कदम बताया।पैरामोटर प्रदर्शन और डॉग शो ने मन मोहा |

सम्मेलन के दौरान जवानों ने पैरामोटर प्रदर्शन के जरिए आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए। इसके बाद आयोजित डॉग शो कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। प्रशिक्षित डॉग्स ने सलामी देना, रस्सी पर चलना, सीढ़ियां चढ़ना, पुष्प भेंट करना और धन्यवाद जैसे करतब दिखाए। इसके अलावा डॉग्स ने जवानों के साथ मिलकर आतंकवादियों को पकड़ने और सुरक्षा अभियानों में अपनी उपयोगिता का प्रदर्शन भी किया।सुरक्षा के चलते फतेहगढ़ में किया गया रूट डायवर्जन कार्यक्रम को देखते हुए सुबह फतेहगढ़ में जेएनवी तिराहे से यातायात डायवर्ट किया गया, जबकि मिलिट्री चौराहे की तरफ जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद रखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सेना और पुलिस के जवान तैनात रहे। सुबह का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बैरीकेडिंग हटाकर यातायात फिर से सुचारू कर दिया गया। राजपूत रेजीमेंट के इस सम्मेलन में सैन्य गौरव, आधुनिक प्रशिक्षण, शहीदों को सम्मान और जवानों की दक्षता की झलक देखने को मिली।
