फर्रुखाबाद / फतेहगढ़।
फतेहगढ़ क्षेत्र में शाम एक दर्दनाक रेल हादसे से सनसनी फैल गई। मोहल्ला वनखड़िया के सामने रेलवे ट्रैक पर एक 21 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन को लगभग आधे घंटे तक घटनास्थल पर रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही जीआरपी और फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब छह बजे कासगंज-लखनऊ पैसेंजर ट्रेन फतेहगढ़ स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद यह हादसा हुआ। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और रेल संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी क्योंकि वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। घटनास्थल से पुलिस को एक टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद मृतक की पहचान जतिन पाल (21 वर्ष) निवासी ग्राम तापर, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि युवक घर से नाराज होकर निकला था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रेलवे ट्रैक पार करना बन रहा जानलेवा
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रानगंज से वनखड़िया आने-जाने के लिए कई लोग समय बचाने के चक्कर में रेलवे लाइन को शॉर्टकट के रूप में पार करते हैं। यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था मजबूत करने तथा जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
अपील: रेलवे ट्रैक को कभी भी शॉर्टकट के रूप में पार न करें। निर्धारित फुटओवर ब्रिज, अंडरपास या अधिकृत रास्तों का ही उपयोग करें। थोड़ी-सी सावधानी आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
