डीएम अरविन्द सिंह के निर्देशन में टीईटी-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में
एटा । जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में आगामी 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित टीईटी-2026 जनपद के 07 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। 02 एवं 03 जुलाई को परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों (प्रातः 09:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा अपराह्न 02:30 बजे से 05:00 बजे तक) आयोजित होगी, जबकि 04 जुलाई को केवल प्रथम पाली में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। तीनों दिनों में कुल 14,400 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर एक्टिव मोड में रखा जाए, जिससे किसी भी स्थिति में निगरानी व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों एवं पहुंच मार्ग का भ्रमण कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करते हुए मोबाइल फोन एवं अन्य आईटी गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रखने, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी कराने, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त पुलिस एवं प्रशासनिक बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
बैठक में परीक्षा संचालन की मानक कार्यप्रणाली एवं प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव संबंधी सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सभी केंद्रों पर आवश्यक स्टाफ, पेयजल, विद्युत, जनरेटर, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेंद्र प्रसाद, उप जिलाधिकारी भावना विमल, उप जिलाधिकारी विपिन कुमार मोरल, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, समस्त सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
