मालगाड़ी की चपेट में आने से गोवंश की दर्दनाक मौत, 45 मिनट तक थमा रेल संचालन |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

फर्रुखाबाद/

शाम फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के बीच मिशन कंपाउंड के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। फतेहगढ़ से फर्रुखाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गोवंश का शव इंजन के नीचे बुरी तरह फंस गया, जिससे रेल यातायात लगभग 45 मिनट तक बाधित रहा और ट्रैक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी जैसे ही मिशन कंपाउंड रेलवे ट्रैक के पास पहुंची, तभी अचानक गोवंश ट्रैक पर आ गया। चालक ने ट्रेन रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक टक्कर हो चुकी थी। टक्कर के बाद गोवंश का शव इंजन के नीचे इस तरह फंस गया कि ट्रेन आगे बढ़ना तो दूर, उसे हटाना भी मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। चालक ने इंजन के नीचे फंसे शव को निकालने के लिए कई बार मालगाड़ी को आगे-पीछे किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए शव को दो हिस्सों में निकालकर ट्रैक से हटाया।

इस दौरान रेल मार्ग पर परिचालन पूरी तरह प्रभावित रहा। लगभग 45 मिनट तक मालगाड़ी वहीं खड़ी रही, जिससे रेल संचालन बाधित हो गया। शाम करीब पांच बजे ट्रैक पूरी तरह साफ होने के बाद मालगाड़ी को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया और रेल यातायात फिर से सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर अक्सर गोवंश के पहुंच जाने से इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग से ट्रैक के आसपास प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था करने तथा गोवंश के प्रवेश को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *