अन्नप्राशन समारोह की खुशियां मातम में बदलीं: मोहम्मदाबाद में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 घायल; तीन की हालत गंभीर |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

मोहम्मदाबाद /फर्रुखाबाद ।

अन्नप्राशन संस्कार की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के अनुसार नगला चूड़ा निवासी नितिन कुमार अपने तीन वर्षीय पुत्र देवांश के अन्नप्राशन संस्कार के अवसर पर परिजनों और रिश्तेदारों के साथ नीम करौरी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। परिवार के करीब 80 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर घर से निकले थे। दोपहर करीब दो बजे जब काफिला नगला मिढ़ई के पास पहुंचा, तभी सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलट गया।

हादसे के समय ट्रॉली में लगभग 35 से 40 लोग सवार थे। ट्रॉली पलटते ही महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग उसके नीचे दब गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

सीएचसी में तैनात डॉ. सन्नी मिश्रा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मीना (50 वर्ष) पत्नी शिवनारायण निवासी नगला राही थाना राजेपुर, बबली (35 वर्ष) पत्नी शिवशंकर निवासी नगला चूड़ा तथा सुरेखा (11 वर्ष) पुत्री गुड्डू निवासी अनियापुर थाना अरवल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

इसके अलावा अंजली (18), चांदनी (15), कुशमा (40), मनोरमा (16), गुंजन (18), दिव्यांशी (17), रजनी (19), कीर्ति (16), रानी (15) और नेहा (13) का सीएचसी में उपचार किया गया।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए सीएचसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर का अनियंत्रित होकर पलटना बताई जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *