सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन की सख्ती: “हर शिकायत का होगा समयबद्ध समाधान” – डीएम
एटा ।
जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी की उपस्थिति में जनसुनवाई की गई, जहां बड़ी संख्या में फरियादियों ने राजस्व, विद्युत, चकबंदी, पुलिस एवं विकास विभागों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जिम्मेदारी तय करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आपसी सहमति से समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
तहसील सदर में कुल 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को त्वरित राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा जा रहा है।
इसी क्रम में तहसील जलेसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 07 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 01 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील अलीगंज में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 12 शिकायतों में से 02 का मौके पर निस्तारण कर शेष को समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, परियोजना निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर कृतिका सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
