स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने पहुंचे डीएम व एसएसपी, मेडिकल कॉलेज का किया आकस्मिक निरीक्षण
एटा ।
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय आकलन करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन जी द्वारा स्वशासी रानी अवंती बाई ऑटोनॉमस मेडिकल कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम पंजीकरण कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत द्वितीय तल पर स्थित स्त्री एवं प्रसूति विभाग के वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से संवाद करते हुए उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में चतुर्थ तल पर स्थित एनआईसीयू (NICU) का भी निरीक्षण किया गया, जहां भर्ती नवजात शिशुओं की देखभाल एवं उपचार व्यवस्था का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने नवजात शिशुओं को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन जी द्वारा अस्पताल परिसर में छठे तल पर स्थित नवीन रसोईघर का उद्घाटन किया गया। प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह ने अवगत कराया कि इस रसोईघर में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के मानकों के अनुरूप स्वच्छता एवं उच्च गुणवत्ता के साथ मरीजों हेतु भोजन तैयार कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर एवं सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निरंतर निर्देशित किया जाता रहेगा तथा समय-समय पर स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा सहित अन्य चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
