पुलिस का ऑपरेशन दहन: 10 करोड़ से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ किए गए नष्ट
मैनपुरी (अजय किशोर) उत्तर प्रदेश शासन के नशा मुक्त समाज के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मैनपुरी पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत जनपद के थाना कोतवाली, दन्नाहार और घिरोर द्वारा विभिन्न समय पर जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया गया। इस कार्यवाही के दौरान कुल 1472.436 किलोग्राम नशीले पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ 68 लाख 1 हजार 180 रुपये आंकी गई है।
अदालती आदेशों और विधिक प्रक्रियाओं (52A NDPS ACT) के पूर्ण होने के बाद, कुल 129 मुकदमों से संबंधित इन पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। सुरक्षा और पर्यावरण नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह पूरी कार्यवाही ज्योति रोड स्थित ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट में इंसीनरेटर के माध्यम से संपन्न की गई। नष्ट किए गए पदार्थों में मुख्य रूप से गांजा, स्मैक, चरस, डोडा और हेरोइन जैसी नशीली वस्तुएं शामिल थीं।
क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह और ड्रग डिस्पोजल कमेटी की सीधी निगरानी में इस पारदर्शी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। मैनपुरी पुलिस ने इस बड़ी कार्यवाही के माध्यम से स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति भविष्य में भी जारी रहेगी।
