शमशाबाद/फर्रुखाबाद |
जिले के शमशाबाद ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत न्यामतपुर भुक्सी में ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर आपसी सौहार्द और भाईचारे की एक शानदार मिसाल देखने को मिली है। यहाँ गांव की नूरी मस्जिद के इमाम मौलाना गुलफराज़ रज़ा को ग्रामीणों ने तरावीह मुकम्मल (पूरी) होने की खुशी में एक नई पल्सर बाइक उपहार स्वरूप भेंट की।
सामूहिक सहयोग से दिया गया तोहफा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मस्जिद के सदर इमरान वारसी की विशेष पहल और गांव वालों के सामूहिक सहयोग से मौलाना साहब को यह पल्सर 125cc बाइक भेंट की गई। ईद के दिन जैसे ही यह खास तोहफा मौलाना साहब को सौंपा गया, पूरे गांव में खुशी और उल्लास का माहौल छा गया।
फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत।
इस खास मौके पर स्थानीय निवासी सलमान अहमद ने इमाम मौलाना गुलफराज़ रज़ा और सदर इमरान वारसी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने मौलाना साहब और सदर को विशेष उपहार भेंट किए तथा फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया। इस मुख्य कार्यक्रम के बाद गांव के अन्य निवासियों ने भी मौलाना साहब को ससम्मान अपने-अपने घरों में आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया।
सैकड़ों ग्रामीणों ने दी ईद की मुबारकबाद।
इस आयोजन के दौरान सलमान अहमद, मोहम्मद बिलाल सिद्दीकी, नियाजुद्दीन, मोहब्बतदीन, अयान, शान मोहम्मद, जाकिर, मोहम्मद हसन, सज्जाक अली, निजामुद्दीन और अहमद रज़ा सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और पूरे क्षेत्र में आपसी भाईचारे का एक सकारात्मक संदेश दिया।
