ओमवीर हत्याकांड:- सांसद मुकेश राजपूत ने घर पहुंचकर सुनी फरियाद, सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश |

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

जनपद के अमृतपुर क्षेत्र में चर्चित ओमवीर हत्याकांड को लेकर सोमवार को सांसद मुकेश राजपूत पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस दौरान पीड़िता धर्मशिला ने रोते हुए अपने ऊपर बीती पूरी घटना सांसद को विस्तार से बताई और न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता धर्मशिला ने सांसद को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसके पति ओमवीर को 20 जुलाई 2025 को आरोपियों द्वारा अगवा कर लिया गया था, जिसके बाद पुलिस की लापरवाही के चलते मामले का खुलासा काफी देर से हो सका। उन्होंने बताया कि कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन कई आरोपी अभी भी फरार हैं और परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है। सांसद मुकेश राजपूत ने पीड़िता की बात गंभीरता से सुनते हुए परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने मौके से ही संबंधित उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बताया गया कि विशेष रूप से ओमवीर हत्याकांड में नामजद आरोपी देवेंद्र यादव के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने के लिए भी कहा गया है।साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।

इस दौरान सांसद ने कहा कि किसी भी कीमत पर पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि पीड़िता धर्मशिला ने आज ही अपना प्रार्थना पत्र सांसद को सौंपा, जिसमें सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, संपत्ति की जांच, बुलडोजर कार्रवाई, आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई है। सांसद के इस हस्तक्षेप के बाद मामले में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *