एटा में कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण

3 Min Read

एटा में कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण

एटा । शासन के निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के आदेशानुसार दिनांक 25.04.2026 को जनपद एटा में कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का आकस्मिक एवं सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों, जिनमें गांधी मार्केट, आगरा रोड, जलेसर एवं सदर तहसील क्षेत्र के बीज एवं कीटनाशी विक्रेताओं की दुकानों का व्यापक भ्रमण किया गया। कुल 25 प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई की गई। निरीक्षण के समय अधिकांश प्रतिष्ठानों पर विक्रेता/प्रतिनिधि उपस्थित पाए गए तथा कीटनाशी अनुज्ञप्ति, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, कैश मेमो, बिल/वाउचर आदि अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया, जो अधिकांशतः संतोषजनक पाए गए।

जलेसर क्षेत्र में उप कृषि निदेशक सुमित कुमार एवं नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन द्वारा संयुक्त रूप से छापेमार कार्रवाई की गई। वहीं सदर तहसील क्षेत्र में डॉ. मनवीर सिंह जिला कृषि अधिकारी सिंह एवं नायब तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान 02 प्रतिष्ठानों में अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर उन्हें नोटिस जारी किए गए। साथ ही 04 कीटनाशी रसायनों के नमूने परीक्षण हेतु संकलित किए गए।

अधिकारियों द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया कि अनुज्ञप्ति में अंकित अधिकृत उत्पादों के अतिरिक्त किसी अन्य कीटनाशी/रसायन का विक्रय न किया जा रहा हो। विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक विक्रय पर कृषकों को पक्की रसीद उपलब्ध कराएं तथा कीटनाशी रसायनों के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग के संबंध में किसानों को आवश्यक जानकारी प्रदान करें। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठानों पर “रेड बोर्ड” एवं “प्रो-सेफ फूड” संबंधी जागरूकता पोस्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराई गई।

किसानों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे केवल अधिकृत दुकानों से ही कीटनाशी क्रय करें एवं प्रत्येक खरीद पर बिल अवश्य प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में कीटनाशी विक्रय से संबंधित गतिविधियों की नियमित निगरानी जारी रहेगी, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक कीटनाशक उपलब्ध कराए जा सकें।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *