कायमगंज /फर्रुखाबाद ।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा के शुभ अवसर पर नगर के नई बस्ती रोड स्थित कायमगंज में शिव भक्तों (कांवड़ियों) के स्वागत, जलपान और पूजन का भव्य धार्मिक कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथियों का हुआ जोरदार अभिनंदन
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित सेठ, भाजपा नगर अध्यक्ष देवेंद्र दुबे तथा नगर महामंत्री अमर गुप्ता ने शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का माला एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया और उन्हें मिठाई खिलाई गई।
शिव भक्तों का पूजन कर कराया जलपान

इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों और श्रद्धालुओं ने बम-बम भोले के जयकारों के बीच कांवड़ लेकर निकल रहे शिव भक्तों का पूजन-अर्चन कर उन पर पुष्प वर्षा की और उन्हें जलपान कराया।
2018 से लगातार चल रही है यह परंपरा
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व सभासद आसिफ मंसूरी ने बताया कि नई बस्ती रोड पर कांवड़ यात्रियों की सेवा और स्वागत की यह परंपरा वर्ष 2018 से निरंतर चली आ रही है। उन्होंने आयोजन में पधारे सभी अतिथियों, सहयोगियों और शिव भक्तों का आभार व्यक्त किया और अतिथियों को विशेष उपहार (गिफ्ट) भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित रहे।
