टिर्री में सफर के दौरान दो महिलाओं के बैग से 12 लाख से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण चोरी
संवाददाता योगेंद्र प्रताप सिंह
जलेसर (एटा)। जलेसर नगर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली पुलिस अभी नगर में एक फौजी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा भी नहीं कर सकी है। इसी बीच टिर्री में सफर के दौरान दो महिलाओं के दो बैग से 12 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िताओं ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर घटना का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आगरा जनपद के नाई की सराय, टेढ़ी बगिया निवासी कमलेश पत्नी सुरेश चंद्र तथा आगरा जनपद के थाना बरहन क्षेत्र के गांव कुलरिया निवासी ममता पत्नी मुनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 से 3 बजे दोनों महिलाएं अपने-अपने घरों से मायके ग्राम पिलखतरा, जनपद फिरोजाबाद जाने के लिए जलेसर बस अड्डे से एक ही टिर्री में सवार हुई थीं।
पीड़िताओं के अनुसार, उनके साथ दो बैग थे, जिनमें सोने और चांदी के आभूषण रखे हुए थे। टिर्री चालक ने दोनों बैग अपने पास आगे रख लिए और महिलाओं से बच्चों को संभालने के लिए कहा। उस समय टिर्री में दोनों महिलाओं के अलावा कोई अन्य यात्री नहीं था।
आरोप है कि रास्ते में चालक ने फोन कर तीन अन्य लोगों को बुला लिया। टिर्री के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचने के बाद चालक ने बताया कि टिर्री की बेयरिंग खराब हो गई है। इसके बाद उसने फोन कर दूसरी टिर्री बुला ली और दोनों महिलाओं को उसमें बैठा दिया। पीड़िताओं का कहना है कि उन्होंने किराया देने की कोशिश की, लेकिन चालक ने किराया नहीं लिया। दूसरी टिर्री का चालक भी उन्हें जल्दबाजी में रेलवे फाटक के पास छोड़कर बिना किराया लिए चला गया।
पीड़िताओं ने दोनों टिर्री चालकों के व्यवहार पर संदेह जताते हुए आशंका व्यक्त की है कि दोनों चालक आपस में मिले हुए हो सकते हैं और चोरी में उनकी भूमिका हो सकती है। हालांकि, चोरी के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
तहरीर के अनुसार, ममता के बैग में सोने की चेन, सोने की पायल, चार सोने की अंगूठियां, सोने के कानों के झाले, एक चांदी की कमरधनी और चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण रखे थे। वहीं कमलेश के बैग में करीब एक तोले की सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां और करीब 250 ग्राम वजन की चांदी की कमरबंद समेत अन्य आभूषण थे।
महिलाओं के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपने बैग देखे तो उनमें रखे सभी आभूषण गायब थे। पीड़िताओं ने चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये से अधिक बताई है।
पीड़िताओं का दावा है कि रास्ते में स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में दोनों टिर्री चालक और उनके साथ आए अन्य लोग दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना का जल्द खुलासा करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

