कायमगंज/फर्रुखाबाद /
सांसद मुकेश राजपूत का प्रतिनिधि बताने वाले एक व्यक्ति पर युवक के साथ रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पीड़ित युवक ने थाना कायमगंज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर सामने आने के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार ध्रुव गुप्ता पुत्र विमल कुमार गुप्ता निवासी श्यामनगर, कायमगंज ने बताया कि वह 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे अपने मित्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में महावीर राजपूत पुत्र लल्लाराम ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि रोकने के बाद उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट शुरू कर दी गई।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अपने प्रभाव का हवाला देते हुए खुद को सांसद मुकेश राजपूत का प्रतिनिधि बताता है और इसी का रौब दिखाकर लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास करता है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष की ओर से पीड़ित को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।
मामले में पीड़ित ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद क्या कार्रवाई करती है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और आरोपी पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

