कायमगंज/फर्रुखाबाद |

पचरोली महादेवपुर का मुख्य मार्ग कीचड़ में तब्दील, फिसलकर चोटिल हो रहे ग्रामीण; शिक्षकों की स्कूटी भी कई बार फिसली, शिकायतों के बावजूद कायमगंज/फर्रुखाबाद/ विकासखंड कायमगंज की ग्राम पंचायत पचरोली महादेवपुर में बारिश ने गांव के विकास कार्यों की हकीकत सामने ला दी है। बरसात शुरू होते ही गांव का मुख्य मार्ग कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि इस रास्ते से पैदल निकलना भी ग्रामीणों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इसी रास्ते से होकर प्राथमिक विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे और शिक्षक प्रतिदिन विद्यालय पहुंचते हैं।
बारिश के बाद मार्ग पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने से सड़क का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। ग्रामीणों को फिसलने से बचने के लिए बेहद संभलकर निकलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की बदहाली के कारण कई लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह रास्ता खासा जोखिम भरा बना हुआ है।

बच्चों की राह में कीचड़, अभिभावकों की बढ़ी चिंता
प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों को इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। कीचड़ और पानी के कारण बच्चों के कपड़े खराब हो रहे हैं तथा रास्ते में फिसलने का खतरा बना रहता है। छोटे बच्चों को विद्यालय भेजते समय अभिभावकों में भी चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के लिए विद्यालय तो गांव में है, लेकिन वहां तक पहुंचने वाला रास्ता ही बच्चों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
शिक्षामित्र राजेश कुमार ने बताया कि बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की स्कूटी भी कई बार दलदल में फिसल चुकी है, जिससे उन्हें चोटें तक आई हैं। शिक्षकों के लिए प्रतिदिन विद्यालय पहुंचना कठिन हो गया है।
बार-बार मांग के बाद भी नहीं बनी सड़क
ग्रामीण प्रदीप कुमार, अनुराग यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग को पक्का कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान अनिल राजपूत से भी कई बार रास्ते की समस्या दूर कराने की मांग की गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में समस्या हर वर्ष गंभीर रूप ले लेती है। यदि समय रहते मार्ग को दुरुस्त नहीं कराया गया तो स्कूली बच्चों, शिक्षकों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को आने-जाने में और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
डीएम से ग्रामीणों की गुहार—मौके पर हो जांच, जल्द बने पक्का रास्ता
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मौके की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर लंबे समय से मुख्य मार्ग की समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसात के दौरान तत्काल जलभराव और कीचड़ की समस्या दूर कराकर मार्ग को स्थायी रूप से पक्का कराया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
बीडीओ ने दिया निरीक्षण और कार्रवाई का भरोसा
मामले में खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्हें गांव के मुख्य मार्ग की समस्या की जानकारी मिली है। जल्द ही संबंधित अधिकारियों से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मार्ग को पक्का कराने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि बीडीओ के आश्वासन के बाद जिम्मेदार अधिकारी कब तक मौके पर पहुंचते हैं और बरसात में दलदल बन चुके इस मार्ग की समस्या से ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों को कब तक निजात मिलती है।
