फर्रुखाबाद न्यूज़:- कांवड़ियों की सुरक्षा पर एडीजी की पैनी नजर, पांचालघाट पहुंचकर परखी तैयारियां |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

कांवड़ मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने शुक्रवार को पांचालघाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डीआईजी यमुना प्रसाद और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ गंगा घाट और कांवड़ यात्रियों के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया।

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने डीआईजी व एसपी के साथ किया निरीक्षण, बोले- घाटों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था में न हो कोई चूक

एडीजी ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने के साथ ही पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। गंगा में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों के रूट पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी रहे और यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी जाए। श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पेयजल और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एडीजी ने बताया कि कांवड़ मेले की तैयारियों के मद्देनजर कन्नौज और फतेहगढ़ क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया है। दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।

पांचालघाट के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कांवड़ यात्रियों के आवागमन वाले मार्ग, गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा कांवड़ यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

एडीजी के निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में कांवड़ मेले को लेकर तैयारियां और तेज हो गई हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएंगे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *