10वीं की छात्रा का फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने रिश्ते के दंपती पर लगाया हत्या का आरोप
मैनपुरी (अजय किशोर) नगला गूंचा गांव में 15 वर्षीय किशोरी काजल का शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से झूलता पाया गया। मृतका 10वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने पिता तुलसीराम के कामकाज में हाथ बटाती थी। हालांकि, परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए परिवार के ही एक रिश्तेदार दंपती पर कत्ल कर साक्ष्य छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पूर्व घर के बाहर मिट्टी फेंकने की बात पर धर्मवीर पुत्र पप्पू सिंह और उसकी पत्नी सरिता से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस तक भी पहुंची थी। आरोप है कि बुधवार शाम जब घर में कोई वयस्क मौजूद नहीं था, तब आरोपी दंपती ने अकेला पाकर काजल के साथ मारपीट की और हत्या कर मामले को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव फंदे पर लटका दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब किशोरी की छोटी बहन कमरे में पहुंची।
मृतका के भाई अमरचंद ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की बात कहते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश में जुट गई है।
