पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेला आयोजन को लेकर बीएलबीसी बैठक संपन्न
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। भारत सरकार के निर्देशानुसार पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 1 जून से 30 जून 2026 तक निकाय स्तर पर लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नए पथ विक्रेताओं के ऑनलाइन आवेदन, ऋण स्वीकृति एवं ऋण वितरण के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
इसी क्रम में सोमवार को ब्लॉक परिसर मारहरा में नगर निकाय मारहरा एवं मिरहची के बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ बीएलबीसी (ब्लॉक लेवल बैंकर्स कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड विकास अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक, डूडा एटा के शहर मिशन प्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान शहर मिशन प्रबंधक राकेश कुमार ने केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधकों को लोक कल्याण मेले के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बैंकों से ऋण वितरण हेतु लंबित आवेदन पत्रों पर सकारात्मक एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक लाभार्थियों को योजना से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
