गैंगस्टर पर उन्नाव पुलिस का बड़ा प्रहार: फर्रुखाबाद में 29.71 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क, 16 मुकदमों वाला आरोपी कानून के शिकंजे में

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

फर्रुखाबाद।

अपराध से अर्जित संपत्ति पर लगातार शिकंजा कस रही उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की करीब 29 लाख 71 हजार 380 रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर दी। उन्नाव पुलिस ने जिलाधिकारी के आदेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फर्रुखाबाद पहुंचकर यह कार्रवाई की, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कुर्की की कार्रवाई रीतेश कुमार भारद्वाज उर्फ सचिन, निवासी मोहल्ला दलमीर खां, थाना शमसाबाद (फर्रुखाबाद) के खिलाफ की गई। आरोपी पर आरोप है कि उसने संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से अवैध संपत्ति अर्जित की थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में नामजद रीतेश ने अपराध से कमाए गए धन से फर्रुखाबाद के ग्राम बरौना में भूमि खरीदी थी। इसी आधार पर गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए गाटा संख्या 310 स्थित 133.17 वर्गमीटर (0.041 हेक्टेयर) भूमि को कुर्क कर लिया गया।

गुरुवार को उन्नाव प्रशासन के निर्देश पर राजस्व विभाग और थाना गंगाघाट पुलिस की संयुक्त टीम फर्रुखाबाद पहुंची और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई की। मौके पर जब्ती संबंधी नोटिस भी चस्पा किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रीतेश कुमार भारद्वाज उर्फ सचिन के खिलाफ 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। ये मुकदमे फर्रुखाबाद, हरदोई, लखनऊ, अमेठी, सुल्तानपुर और उन्नाव समेत कई जनपदों के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

उन्नाव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून के दायरे में रहकर उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त किया जाएगा, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके और समाज में कानून का राज मजबूत हो।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *