मिशन समाधान के तहत प्रशासन का बड़ा प्रहार, करोड़ों की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

मिशन समाधान के तहत प्रशासन का बड़ा प्रहार, करोड़ों की सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

मैनपुरी, 14 मई (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में जनपद मैनपुरी में मिशन समाधान के अंतर्गत एक व्यापक अभियान चलाकर भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गई। पुलिस और राजस्व विभाग की 24 संयुक्त टीमों ने जिले की विभिन्न तहसीलों में एक साथ धावा बोलकर 240 चिन्हित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। इस बड़ी कार्यवाही के दौरान प्रशासन ने न केवल सैकड़ों बीघा ग्राम सभा की भूमि को मुक्त कराया, बल्कि दशकों से अपने हक के लिए भटक रहे पात्र पट्टेदारों को भी भूमि पर काबिज कराया।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्वयं तहसील करहल के ग्राम अंडनी, ढकपुरा और रेढ़ापुर में मोर्चा संभाला, जहाँ लगभग 70 बीघा भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। ग्राम अंडनी में 50 वर्षों से लंबित पट्टे के मामले का समाधान करते हुए 11 पात्र व्यक्तियों को उनकी भूमि वापस दिलाई गई, जिस पर दबंगों ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था। इसके साथ ही, 18 बीघा चारागाह की भूमि को खाली कराकर उसे गौशाला से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सार्वजनिक और गरीबों की भूमि पर कब्जा करने वालों को भू-माफिया के रूप में चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी, गुंडा एक्ट और जिला बदर जैसी कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर ही भूमि विवादों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण करना है, ताकि आमजन को तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। तहसील भोगांव, किशनी और सदर में भी चकमार्गों, तालाबों और नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराकर मिट्टी कार्य कराया गया। प्रशासन की इस सक्रियता से वर्षों पुराने विवादों का अंत हुआ है। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भविष्य में किसी भी विवाद को लंबित न रखें और मौके पर पैमाइश कर दोनों पक्षों की सहमति से निस्तारण को प्राथमिकता दें।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *