जिलाधिकारी की बड़ी कार्रवाई: स्कूल में दाखिला न मिलने पर बच्चों ने लगाई गुहार, तत्काल हुआ नामांकन
मैनपुरी (अजय किशोर) जनपद के विकास खंड जागीर के ग्राम मलिखानपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां स्कूल के शिक्षकों द्वारा नामांकन न किए जाने से परेशान करीब 20 बच्चों ने ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई। बच्चों ने जिलाधिकारी को बताया कि वे पढ़ना चाहते हैं, लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहीं कक्षा 8 की एक छात्रा ने शिकायत की कि बार-बार मांगने पर भी उसे स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टी.सी.) नहीं दिया जा रहा है, जिससे उसकी आगे की पढ़ाई बाधित हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत एक्शन लिया और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी तथा खंड शिक्षाधिकारी जागीर को फोन पर मौके पर जाकर सभी बच्चों का दाखिला सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और इसमें बाधा डालने वाले किसी भी शिक्षक या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और इस मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाए।
जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तत्काल विद्यालय पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने मौके पर ही अर्पित, लक्ष्मी, करीना, रिया, अभी, सलौनी, प्रियंका, महक, आदिल का कक्षा 1 में; नीतेश कुमार, मानवी, राधिका का कक्षा 2 में; देवकी का कक्षा 4 में; प्रशांत का कक्षा 5 में और शिवा का कक्षा 7 में नामांकन कराकर उन्हें स्कूल में प्रवेश दिलाया। जिलाधिकारी की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
