फर्रुखाबाद/
जनपद में गंगा नदी का बढ़ता जलस्तर अब लोगों की चिंता बढ़ाने लगा है। सोमवार को पांचाल घाट पर गंगा का जलस्तर 136.20 मीटर दर्ज किया गया, जो 136.60 मीटर के चेतावनी बिंदु से महज 40 सेंटीमीटर नीचे रह गया है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है और तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

जानकारी के अनुसार, नरौरा बांध से 53,211 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसका असर अब फर्रुखाबाद में साफ दिखाई देने लगा है। इसके अलावा खो बैराज, हरेली बैराज और रामनगर बैराज से छोड़े गए पानी के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। यदि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो अगले एक-दो दिनों में गंगा चेतावनी स्तर को पार कर सकती है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गंगा किनारे बसे गांवों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं और बाढ़ से निपटने की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने गंगा तट के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और नदी के बढ़ते जलस्तर के दौरान अनावश्यक रूप से गंगा किनारे जाने से बचें। आने वाले 48 घंटे प्रशासन और तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
