मुख्यमंत्री का मैनपुरी दौरा ऐतिहासिक होगा, पर्यटन मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की
मैनपुरी (अजय किशोर) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्यमंत्री के आगामी मैनपुरी दौरे को जनपद के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने इस दौरे के दौरान जनपदवासियों को सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर बड़ी सौगातें देंगे। मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी। लोकार्पण और शिलान्यास होने वाली विकास योजनाओं के साथ-साथ लाभांवित होने वाले लाभार्थियों की सूची भी तैयार कर ली गई है। इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद सहित प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
