कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी ने परसौन शिव मंदिर का किया निरीक्षण
एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने मंगलवार को थाना बागवाला क्षेत्र के परसौन शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मंदिर समिति से श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) का समूह बनाकर उनकी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
एसएसपी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर सुश्री श्वेता सिंह, नायब तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
