चलती कार में घुसा साढ़े 5 फीट लंबा सांप:अमरोहा के रजबपुर में मैजिक वाहन से निकलकर बुलेरो में घुसा, दो घंटे तक रेस्क्यू
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा में रजबपुर थाना क्षेत्र के शकरपुर अंडरपास पर शनिवार को एक चलती बोलेरो कार में करीब साढ़े पांच फीट लंबा धावन (घोड़ा पछाड़) सांप घुस गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रेस्क्यू दल ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय शकरपुर अंडरपास के सर्विस रोड पर नेवले और सांप के बीच संघर्ष हो रहा था। इसे देखने के लिए लोग रुक गए। इसी दौरान एक मैजिक वाहन चालक ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। नेवला वहां से निकल गया, जबकि सांप मैजिक वाहन में घुस गया।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान सांप मैजिक वाहन से निकलकर सामने से गुजर रही एक बोलेरो कार में घुस गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
बोलेरो चालक वाहन रोककर बाहर आ गया। इसके बाद सांप पकड़ने वाले को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद धावन सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
