UPTET-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 19 केंद्रों पर 31,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, डीएम बोलीं—पारदर्शिता से समझौता नहीं |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का सत्यापन करें तथा तैयारियां पूरी होने का लिखित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि UPTET-2026 का आयोजन 2, 3 एवं 4 जुलाई को कुल पांच पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 31,560 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 6,312 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक निगरानी व्यवस्था की है। जिले में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक, 19 सह-केंद्र व्यवस्थापक तथा 526 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर ओआरएस के पैकेट एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि गर्मी के मौसम में किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर पालिका को केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी केंद्र पर तकनीकी कारणों से बिजली बाधित होती है तो तत्काल जनरेटर के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला कार्मिकों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *