मैनपुरी: गलत इंजेक्शन लगने से नवविवाहिता की मौत, नेहा नर्सिंग होम सील, संचालक को अल्टीमेटम
मैनपुरी (अजय किशोर) बेवर स्थित फर्रुखाबाद रोड पर संचालित नेहा नर्सिंग होम में इलाज के दौरान लापरवाही के चलते एक 23 वर्षीय नवविवाहिता की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मद्दापुर खास के रहने वाले सुमित शाक्य के मुताबिक, रविवार देर शाम उनकी पत्नी शिल्पी को पेट में तेज दर्द होने पर वहां भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर द्वारा दिए गए एक इंजेक्शन के तुरंत बाद शिल्पी की हालत नाजुक हो गई। वहां के स्टाफ ने आनन-फानन में उसे मैनपुरी ले जाने की बात कही, लेकिन जब परिजन उसे बेवर के सरकारी अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा एक्शन लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल प्रभाव से नर्सिंग होम को सील कर दिया। इसके साथ ही अस्पताल संचालक को एक नोटिस थमाया गया है, जिसके तहत उन्हें तीन दिनों के भीतर चिकित्सा व्यवसाय से जुड़े सभी वैध दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन कागजात लेकर मैनपुरी स्थित सीएमओ कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में जरूरी दस्तावेज पेश न करने की स्थिति में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
