कायमगंज समाधान दिवस में फूटा लोगों का गुस्सा: बेटे पर गोवंश कटान और गांजा तस्करी के आरोप, अतिक्रमण से आपातकालीन रास्ते बंद होने की शिकायत

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

कायमगंज कोतवाली में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जनता की शिकायतों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए। उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी की मौजूदगी में हुए समाधान दिवस में घरेलू विवाद से लेकर अवैध कारोबार, अतिक्रमण और भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामले सामने आए। कई शिकायतें ऐसी थीं, जिनमें तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप की आवश्यकता महसूस की गई।

सबसे गंभीर मामला तब सामने आया जब एक ग्रामीण पिता ने अपने ही बेटे के खिलाफ लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसका बेटा एक अन्य युवक के साथ मिलकर गोवंश कटान और गांजा बेचने जैसे अवैध कार्यों में शामिल है। शिकायतकर्ता का कहना था कि जब परिवार के लोग उसे इस रास्ते से हटाने की कोशिश करते हैं तो वह अपनी मां और बहन के साथ मारपीट करता है तथा आए दिन गाली-गलौज कर पूरे परिवार का जीना दूभर किए हुए है। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि बेटे की गतिविधियों के कारण परिवार लगातार मानसिक तनाव में रह रहा है और वह एक युवती से भी लगातार संपर्क में रहता है।

उधर, हलियापुर गांव निवासी प्रांजल सिंह ने सार्वजनिक मार्ग पर किए गए कथित अवैध अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि कुछ लोगों ने रास्ते पर सीढ़ियां बनाकर कब्जा कर लिया है, जिससे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों का गांव में प्रवेश तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटवाने की मांग की।

तराई क्षेत्र के अखाखेड़ा महमदीपुर निवासी सर्वेश कुमार ने भी अधिकारियों से गुहार लगाई। उनका कहना था कि राजस्व विभाग द्वारा उनकी कृषि भूमि की पैमाइश कर सीमांकन किया जा चुका है और उन्होंने नियमानुसार तीन फीट का रास्ता भी छोड़ा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ ग्रामीण उन्हें अपनी भूमि पर कार्य नहीं करने दे रहे हैं।

समाधान दिवस में आधा दर्जन से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और सीओ ने पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

थाना समाधान दिवस के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *