नशे में विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव पेड़ पर लटकाया; आरोपी भीमा गिरफ्तार |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

रिपोर्ट सुधीर सिंह |

कायमगंज (फर्रुखाबाद)।

कोतवाली कायमगंज के ग्राम चिलसरी में बीती रात शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया। दबंग युवक ने अपने ही साथी की डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को आम के पेड़ से फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी भीमा को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिलसरी निवासी कर्मवीर शाक्य का 25 वर्षीय पुत्र दीपचंद शाक्य उर्फ पंखिया, बीती रात गांव के ही महेश यादव के पुत्र रोहित उर्फ भीमा के साथ शराब पी रहा था। अत्यधिक नशा हो जाने पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर दबंग भीमा ने पंखिया पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जबरदस्त पिटाई के कारण पंखिया लहूलुहान हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश

पंखिया की मौत के बाद आरोपी भीमा ने साक्ष्य मिटाने और मामले को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। उसने पंखिया के शव को गांव के ही बीरबल के बाग में ले जाकर एक आम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका दिया।

नशे में उगला राज, गिहार बस्ती के लोगों ने पकड़वाया

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीमा बेखौफ होकर पड़ोसी गांव नगला ममापुर में दोबारा शराब पीने चला गया। वहां अत्यधिक नशे की हालत में उसने मिथुन गिहार नाम के युवक के सामने अपनी करतूत का बखान करते हुए कहा— “मैंने पंखिया को मार कर फांसी पर लटका दिया है, वह बहुत बोलता था।” यह सुनते ही गिहार बस्ती के लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी और आरोपी भीमा को मौके पर ही दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।

एक अन्य युवक हिरासत में, चश्मदीद ने खोला राज

भीमा की निशानदेही पर पुलिस ने बाग से पंखिया का लहूलुहान शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में गांव के गुरदयाल शाक्य के यहां काफी समय से रह रहे एक रिश्तेदार (युवक) को भी हिरासत में लिया है, जिसके कपड़ों पर खून के निशान पाए गए थे। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि मेरे सामने ही भीमा ने पंखिया को पीट-पीटकर मार डाला। मैंने पंखिया को बचाने का काफी प्रयास किया था, लेकिन भीमा के खौफ और डर के कारण मैंने किसी को इस घटना की जानकारी नहीं दी।

पुलिस के अनुसार पंखिया की गला घोंटकर हत्या की गयी |

पहले भी दो हत्याएं कर चुका है आरोपी भीमा

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी भीमा बेहद शातिर और दबंग किस्म का अपराधी है। वह पहले भी गांव के झब्बू लाल राठौर जिन्हें कुएं में धक्का देकर मारा था और ममापुर निवासी एक यादव युवक जिसकी गला रेतकर हत्या की थी के कत्ल के मामले में जेल जा चुका है।

परिवार में कोहराम

मृतक पंखिया अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। कुछ समय पहले उसकी पत्नी की भी मौत हो चुकी है और उसका ५ साल का एक मासूम बेटा है, जिसके सिर से अब पिता का साया भी उठ गया है। घटना के बाद से पंखिया के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *