कमालगंज/फर्रुखाबाद/
थाना कमालगंज क्षेत्र के गांव भूलनपुर में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दो दिनों से लापता 28 वर्षीय किसान प्रवेश राजपूत का शव शनिवार सुबह मक्के के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस हत्या की आशंका समेत हर पहलू पर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार प्रवेश राजपूत गुरुवार सुबह अपनी बाइक लेकर खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था, जिससे परिवार की चिंता बढ़ती जा रही थी।
बदबू ने खोला मौत का राज
शनिवार सुबह गांव के एक व्यक्ति को मक्के के खेत से तेज दुर्गंध महसूस हुई। उसने इसकी सूचना परिजनों को दी। जब प्रवेश का भाई मौके पर पहुंचा तो खेत के बीचों-बीच भाई का शव पड़ा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शव सड़ने की अवस्था में था और उसका एक हाथ सिर के ऊपर रखा हुआ था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में शोक व आक्रोश का माहौल बन गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गुरुवार को गांव के कुछ लोग प्रवेश को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। शाम को वे लोग उसकी बाइक तो घर छोड़ गए, लेकिन प्रवेश के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। परिजनों का आरोप है कि जिन लोगों के साथ प्रवेश का उठना-बैठना था, उन्होंने शराब पार्टी के दौरान उसे कोई जहरीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राम सहाय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
प्रवेश राजपूत पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। वह अपने पीछे पत्नी सविता और डेढ़ वर्ष तथा सात माह उम्र के दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि मृतक परिवार को न्याय मिल सके और मासूम बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा मिल सके।
