मोहम्मदाबाद/फर्रुखाबाद |
मोहम्मदाबाद में पहुंचे ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। गौमाता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर मुखर शंकराचार्य ने सत्ता में बैठे लोगों की तुलना ‘काले अंग्रेजों’ से कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में चंद पैसों और स्वार्थ के लिए सनातन संस्कृति के प्रतीकों की उपेक्षा की जा रही है।
भव्य स्वागत और गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
मोहम्मदाबाद कस्बे के नवाबगंज रोड स्थित रोहिला पहुंचने पर पूर्व चेयरमैन और उनके समर्थकों ने शंकराचार्य का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला अलावलपुर स्थित दुबे कोल्ड स्टोरेज पहुंचा। वहां मौजूद भारी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
पैसे के लिए देश को बेच रहे हैं सत्ताधीश
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद ने कहा:गौमाता हमारी सनातनी संस्कृति का मूल आधार हैं और उनकी रक्षा करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। जनता जिन जनप्रतिनिधियों को चुनकर संसद और विधानसभाओं में भेजती है, उनसे यह उम्मीद की जाती है कि वे गौवंश की रक्षा के लिए कानून बनाएंगे। लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में पूरी तरह नाकाम रही है।
सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने आगे कहा कि सत्ता में बैठे लोग ‘काले अंग्रेज’ की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जो सिर्फ पैसे और निजी स्वार्थ के लिए देश को बेचने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गौमाता की रक्षा के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।
वेटरनरी वैन में किया विश्राम, आज देंगे जनता के सवालों के जवाब
कार्यक्रम के समापन के बाद शंकराचार्य अपने विशेष वेटरनरी वैन में विश्राम के लिए चले गए। उन्होंने घोषणा की है कि वे अगले दिन सुबह 8 बजे स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं के प्रश्नों का उत्तर देंगे और उनसे संवाद करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से हरीश कुमार दुबे, डॉ. जितेंद्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, प्रबुद्ध जन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
