फर्रुखाबाद / लखनऊ /
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के संगठन विस्तार और व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से लखनऊ स्थित प्रांतीय कार्यालय (विधायक निवास, दारुल शफा) में एक महत्वपूर्ण बैठक और स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल और प्रांतीय अध्यक्ष रिपुन कंसल द्वारा फर्रुखाबाद जनपद की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई और उन्हें मनोनयन पत्र सौंपे गए।
फर्रुखाबाद जनपद में इन्हें मिली नई जिम्मेदारियां:
संगठन को मजबूती देने और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए निम्नलिखित पदाधिकारियों को मनोनीत किया गया है:
- जिला महामंत्री: रविकांत गुप्ता
- जिला प्रभारी: अजय सक्सेना
- फर्रुखाबाद नगर अध्यक्ष: अंकित कुमार गुप्ता
- फर्रुखाबाद नगर महामंत्री: विवेक कुमार गुप्ता
कायमगंज के शंभू दयाल कौशल बने प्रदेश उपाध्यक्ष
विशेष अनुरोध पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कायमगंज के वरिष्ठ व्यापारी शंभू दयाल कौशल को प्रदेश उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है।
भव्य स्वागत और दिशा-निर्देश
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही सभी का टोपी, माला और संगठन की पट्टी पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा: सभी पदाधिकारी आपसी सामंजस्य बनाकर कार्य करें और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहें। सभी को निर्देशित किया जाता है कि वे एक माह के भीतर अपनी-अपनी कमेटियों का गठन कर लखनऊ स्थित प्रांतीय कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचित करें।
सैकड़ों व्यापारियों ने ली सदस्यता
लखनऊ कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान फर्रुखाबाद जनपद के कई अन्य प्रमुख व्यापारियों ने भी अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की। इसमें मुख्य रूप से सलमान भाई (मीडिया प्रभारी), विजय सक्सेना , माइकल गुप्ता एवं अंशु गुप्ता शामिल रहे, जिन्हें जल्द ही संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी बधाई, जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में फर्रुखाबाद की टीम द्वारा माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आभार व्यक्त किया गया और उन्हें विश्वास दिलाया गया कि संगठन व्यापारिक हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। जरूरत पड़ने पर अन्य सकारात्मक समकक्ष कमेटियों के पदाधिकारियों से भी सहयोग लिया जाएगा।
इसके साथ ही, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संदीप बंसल जी को ‘स्वदेशी व्यापार मंच’ का सहसंयोजक बनाए जाने पर सभी उपस्थित व्यापारियों और पदाधिकारियों ने उन्हें अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दीं।
