कायमगंज/फर्रुखाबाद
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई। प्रदेश अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के आह्वान पर नगर अध्यक्ष अमित सेठ के नेतृत्व में व्यापारियों ने तहसील पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
व्यापारियों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और पर्याप्त उपलब्धता न होने से छोटे, कुटीर और मझौले उद्योगों के साथ होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय, मिठाई विक्रेता, डेयरी संचालक और ठेला लगाकर खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि 1 मई 2026 से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में अचानक भारी बढ़ोतरी कर दी गई, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने मांग की कि बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस ली जाएं, कमर्शियल गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और घरेलू सिलेंडर की तर्ज पर इसकी ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू की जाए।
इसके अलावा व्यापारियों ने शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के लिए मांग के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराने, अस्पतालों और स्कूलों को जरूरत के हिसाब से गैस उपलब्ध कराने, गैस एजेंसियों को मिलने वाले भाड़े में कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत देने और गैस के वैकल्पिक संसाधनों की तलाश के लिए रिसर्च कमेटी गठित करने की मांग भी उठाई।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कौशल, जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर महामंत्री संजीव अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, वसीम अंसारी, लखपति बाबू सक्सेना, मुकेश गुप्ता, मुस्तफा भाई, विनीत सक्सेना, मधु गंगवार, लक्ष्मी राठौर समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
