कुदरत का कहर: बेमौसम बारिश से शहर जलमग्न, मंडियों में खुले में पड़ा सरकारी गेहूं भीगा, फसलों को नुक्सान |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

सोमवार तड़के अचानक बदले मौसम ने कायमगंज क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। मई महीने की भीषण गर्मी के बीच तापमान अचानक गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए, जबकि किसानों की फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

शहर के कई मोहल्लों में भरा पानी

बारिश के बाद नगर के सधवाड़ा बजरिया, गल्ला मंडी, भूसा तिराहा, जटवारा, ट्रांसपोर्ट चौराहा और लाल कुआं समेत कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई बाइक और अन्य वाहन रास्ते में बंद हो गए, जिससे लोग घंटों परेशान रहे। हालात को देखते हुए कई स्कूलों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी।

कोतवाली परिसर में भी पानी भर गया, जबकि कृषि उत्पादन मंडी समिति में सुबह फल और सब्जियां लेकर पहुंचे किसानों को बारिश से बचने के लिए सुरक्षित जगह तलाशनी पड़ी।

सरकारी खरीद केंद्र की लापरवाही उजागर

बेमौसम बारिश ने कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित सरकारी गेहूं खरीद केंद्र की बड़ी लापरवाही को भी सामने ला दिया। मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद हजारों क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा रहा और तेज बारिश में पूरी तरह भीग गया। इससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

विपणन अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि गेहूं को तिरपाल से ढका गया था, लेकिन तेज हवाओं के चलते तिरपाल उड़ गई। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा समय पर गेहूं का उठान नहीं किए जाने की वजह से यह स्थिति बनी। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि धूप निकलने के बाद गेहूं को सुरक्षित करने की कोशिश की जाएगी।

किसानों पर टूटी दोहरी मार

लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पानी भरने से मक्का की फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं आम के बागों में भी भारी नुकसान हुआ है। तेज आंधी के चलते बड़ी संख्या में कच्चे आम पेड़ों से टूटकर गिर गए, जिससे बाग मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

बेमौसम बारिश ने एक ओर शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी, वहीं दूसरी ओर किसानों की मेहनत पर भी पानी फेर दिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *