फर्रुखाबाद /
प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण कार्य में हो रही सुस्ती अब अधिकारियों पर भारी पड़ गई है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मियों पर सख्त रुख अपनाते हुए पांच लेखपालों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई कर दी है।
भूमि क्रय कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने पाया कि तय लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं हो रहा है, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। कार्रवाई करते हुए लेखपाल सौरभ पांडेय और अतुल प्रताप सिंह को भूलेख कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। वहीं विकास दीक्षित, सुभाष चंद्र और सत्येंद्र गंगवार का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।
बैठक में डीएम ने साफ कहा कि जनहित से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि वे अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ करें।
डीएम ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि हर हाल में काम तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे जिले के विकास के लिए बेहद अहम परियोजना है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर इस काम को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराएं।
