कायमगंज/फर्रुखाबाद
कायमगंज में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। दबंगों ने विरोध करने पर युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
23 अप्रैल को पटवन गली स्थित परमानंद की बगीची में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग खुलेआम हर्ष फायरिंग कर रहे थे। वादी राहुल कुमार के भाई गौरव कुमार ने जब इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। गुस्साए आरोपियों ने एकजुट होकर गौरव पर जानलेवा फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई
घटना के बाद 24 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया गया। तेजी दिखाते हुए पुलिस ने 25 अप्रैल को टेड़ीकोन चौराहे से चार आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम सक्सेना उर्फ मल्लू, दीपू परिहार, प्रदीप कुमार और कुलदीप गौतम शामिल हैं। भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए |
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 रिवॉल्वर, 59 जिंदा कारतूस (32 बोर), 12 कारतूस (.315 बोर), 10 कारतूस (12 बोर), 2 खोखा कारतूस,4 शस्त्र लाइसेंस, 2 स्कॉर्पियो गाड़ियां बरामद की हैं।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि फायरिंग का विरोध करने पर गुस्से में आकर उन्होंने गोली चलाई थी। घटना के बाद वे फरार हो गए थे और बाद में समझौते का दबाव बनाने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम सक्सेना पहले से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर जैसे गंभीर मामलों में नामजद है।
आगे की कार्रवाई जारी : पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
शादी जैसे खुशियों के मौके पर हर्ष फायरिंग की यह घटना एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।
