भीषण गर्मी और लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, जारी की एडवाइजरी

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

भीषण गर्मी और लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, जारी की एडवाइजरी

एटा। जनपद में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

एडवाइजरी के अनुसार लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को कपड़े या टोपी से ढकें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिनभर पानी, ओआरएस, नींबू पानी या छाछ का सेवन करने पर जोर दिया गया है।

प्रशासन ने हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने और ताजा व हल्का भोजन करने की भी सलाह दी है। तले-भुने खाद्य पदार्थों से परहेज करने को कहा गया है। साथ ही हीट स्ट्रोक के लक्षण जैसे चक्कर आना, कमजोरी, तेज बुखार और सिरदर्द दिखने पर तुरंत छांव में जाने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता लेने की हिदायत दी गई है।

इसके अलावा गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। लोगों से बिजली उपकरणों की नियमित जांच करने, ढीली वायरिंग और ओवरलोड प्लग को तुरंत ठीक कराने को कहा गया है। पेट्रोल, डीजल, केमिकल, कागज और सूखी घास जैसे ज्वलनशील पदार्थों को गर्म स्थानों से दूर रखने की सलाह दी गई है।

एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर देते हुए सिलेंडर और पाइप की नियमित जांच करने तथा गैस की गंध आने पर तुरंत उपयोग बंद करने को कहा गया है। खुले में कूड़ा या सूखी घास न जलाने की भी अपील की गई है, क्योंकि इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

प्रशासन ने वाहनों को छांव में खड़ा करने की सलाह दी है, ताकि ओवरहीटिंग और बैटरी स्पार्क से आग लगने की संभावना कम हो सके।

आपातकालीन स्थिति में फायर सेवा (101), पुलिस (112), एम्बुलेंस (108) और हेल्पलाइन (1070) पर संपर्क करने को कहा गया है।

जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *