किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने वाले किसान ही अपना गेहूं बेच सकेंगे:- जिलाधिकारी |

2 Min Read

फर्रुखाबाद |

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी (डीएम) की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के लिए किसानों के शत-प्रतिशत पंजीकरण को सुनिश्चित करना था।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि-रा) अरुण कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र, सहायक निबन्धक सहकारी समितियां अजय पालीवाल, वरिष्ठ विपणन अधिकारी रोली सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उप कृषि निदेशक ने बताया कि वर्तमान में जनपद में गेहूं खरीद के लिए विभिन्न क्रय केंद्र संचालित हैं, जहां केवल फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने वाले किसान ही अपना गेहूं बेच सकेंगे।

उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि समितियों से जुड़े सभी किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर उपस्थित कार्मिकों को फार्मर रजिस्ट्री बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया।

सभी के मोबाइल में फार्मर सहायक ऐप इंस्टॉल कराया गया और मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्री बनाकर प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। यह भी बताया गया कि किसान स्वयं, जनसेवा केंद्र अथवा फार्मर सहायक ऐप के माध्यम से अपनी रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार संख्या और खतौनी की आवश्यकता होती है।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी गेहूं क्रय केंद्र पर ऐसा किसान आता है जिसकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी है, तो तत्काल उसकी रजिस्ट्री कराते हुए ही गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *